CoronaVirus Bihar Update: 86 पॉजिटिव मामलों में दो की मौत, सिवान में सर्वाधिक मरीज, 25 जिले कोरोना फ्री

नवीन कुमार यादव:

बिहार में शनिवार को एक और कोरोना संक्रमित महिला का पता चला। इसके साथ राज्‍य में अभी तक मिले कोरोना पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 86 हो गया है। इनमें दो की मौत हो चुकी है। बीते चार दिनों की बात करें तो बुधवार से शनिवार तक बिहार में कोरोना के 20 नए मामले मिल चुके हैं। राहत की बात यह है कि बिहार के कुल 86 कोरोना मरीजों में 42 स्‍वस्‍थ होकर घर जा चुके हैं।

पटना में मिला कोरोना का नया मामला

बिहार में शनिवार को एक और कोरोना मरीज की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह 32 साल की पटना के खाजपुरा मोहल्ले की एक महिला मरीज है। उसका इलाज पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान (AIIMS) में चल रहा है। संक्रमित महिला की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। महिला का पति एटीएम कैशवैन का चालक है। उसे कहां से संक्रमण लगा, इसका पता नहीं लग सका है। इसके पहले वैशाली के उस कोरोना मरीज के संक्रमण स्रोत का भी पता नहीं चल सका था, जिसकी शुक्रवार को मौत हो गई।

पटना के लंबे समय के बाद कोरोना का मामला समाने आया है। इसके बाद मरीज के घर के तीन किमी के दायरे को सील कर दिया गया है।

शुक्रवार को मिले थे दो नए मरीज

इसके पहले शुक्रवार को स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने दो कोरोना पॉजिटिव की पहचान की जानकारी दी। इनमें एक व्यक्ति नालंदा के बिहारशरीफ का तो दूसरा बेगूसराय का है। नालंदा से मिला 17 साल का कोरोना पॉजिटिव किशोर बुधवार को मिले कोरोना पॉजिटिव मरीज का भतीजा है। बेगूसराय के जिस 42 साल के पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वह मंसूरचक का रहने वाला है। वह कोरोना प्रभावित के संपर्क में आया था।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Design a site like this with WordPress.com
Get started